हल्द्वानी में चेन स्नैचिंग का खुलासा, महिला निकली शातिर सीरियल अपराधी

हल्द्वानी – शहर में ऑटो और रिक्शों में सफर कर रही महिलाओं को निशाना बनाकर मंगलसूत्र चोरी करने वाली शातिर महिला चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला अपने पति के साथ मिलकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देती थी।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब कुसुमखेड़ा निवासी दीपा खडायत ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 9 मार्च 2026 को वह कालाढूंगी टैम्पो स्टैंड से अपने घर लौटने के लिए ऑटो में बैठी थीं। सफर के दौरान एक सांवले रंग की महिला अपने छोटे बच्चे के साथ उनके पास बैठ गई। ऑटो में भीड़ अधिक होने के कारण वह महिला बार-बार खिसकने को कहती रही और उनसे सटकर बैठ गई। घर पहुंचने पर जब उन्होंने देखा तो उनके गले से मंगलसूत्र गायब था। पीड़िता ने उसी महिला पर चोरी का शक जताया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से संदिग्ध महिला की पहचान की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 27 अप्रैल 2026 को रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी के पास से आरोपी महिला मुस्कान (26 वर्ष), निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए मंगलसूत्र के हिस्से बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पहले भी थाना मुखानी क्षेत्र में इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ पहले से एक और मुकदमा दर्ज है। आरोपी ने यह भी बताया कि उसका पति अमित भी इन घटनाओं में उसका सहयोग करता था। पुलिस ने दोनों मामलों से संबंधित चोरी का माल बरामद कर लिया है और बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोत्तरी की गई है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के पति पर आगरा के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई, जिसमें उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार और महिला कांस्टेबल राजवती शामिल रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें