हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का लक्ष्य, सीडीओ ने निरीक्षण, डिजिटल निगरानी और छात्र प्रोत्साहन पर दिए कड़े निर्देश

भीमताल – सोमवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले के सरकारी विद्यालयों में बेहतर पठन-पाठन और शिक्षा संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं उप-शिक्षा अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार विद्यालयों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह 15 ग्राम पंचायतों के विद्यालयों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता, व्यवस्थाओं तथा शिक्षण कार्यों का समुचित मूल्यांकन करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार समयबद्ध एवं प्रभावी निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के प्रोत्साहन को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि उनके छोटे-छोटे प्रयासों की सराहना से आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सके। उन्होंने शिक्षकों के व्यवहार का भी समय-समय पर मूल्यांकन करने की बात कही, जिससे विद्यालयों में सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण बना रहे।

उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से कार्यों की निगरानी के लिए ऐप का उपयोग किया जाएगा। विद्यार्थियों के समूह बनाकर उनकी गतिविधियों और प्रगति पर नियमित नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठने की व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए कि कक्षा में विद्यार्थियों को फ्रंट से बैक रोटेशन के आधार पर बैठाया जाए, जिससे सभी को समान अवसर और ध्यान मिल सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना तथा उन्हें सुरक्षित, प्रेरणादायक और समावेशी वातावरण प्रदान करना है। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं उप शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें