उत्तराखण्ड – महंगाई पर नियंत्रण और आम जनता को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड मंडी परिषद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आवश्यक वस्तुओं को उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर “डब्बू” ने की। इसमें निर्णय लिया गया कि प्रदेश की प्रत्येक मंडी समिति में पांच बड़े रिटेल काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां आम लोगों को फल, सब्जियां और अन्य जरूरी वस्तुएं सस्ते दामों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अलावा बाजार पर नजर रखने के लिए तीन सदस्यीय सचल दल गठित किए जाएंगे, जो प्रतिदिन बाजार का निरीक्षण कर फल और सब्जियों के खुदरा दामों का आकलन करेंगे और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेंगे।
मंडी परिषद ने यह भी निर्णय लिया कि सभी खुदरा व्यापारियों को लाइसेंस जारी किया जाएगा, ताकि कीमतों में पारदर्शिता बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही मोबाइल वैन के माध्यम से भी सस्ती दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान यदि कोई व्यापारी अधिक कीमत वसूलते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार के इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि आम जनता को महंगाई से राहत मिलेगी और बाजार में कीमतों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।












