स्कार्पियो सवारों का आतंक: एई को घेरकर पीटा, चेन लूटी….

हल्द्वानीशहर में देर रात लूट और हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रुद्रपुर स्थित पेयजल निगम में तैनात सहायक अभियंता (एई) उमेश चंद्र जोशी पर कुछ युवकों ने हमला कर उनसे सोने की चेन लूट ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड 56 हल्द्वानी निवासी लता जोशी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति उमेश चंद्र जोशी बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर रुद्रपुर से अपनी कार से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे टांडा जंगल के पास उनकी कार को एक स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद घबराए उमेश अपनी कार तेजी से हल्द्वानी की ओर लेकर भागे, लेकिन स्कॉर्पियो समेत दो वाहनों में सवार युवक उनका पीछा करते रहे। बेलबाबा क्षेत्र के पास आरोपियों ने ओवरटेक कर उनकी कार जबरन रुकवा दी। इसके बाद युवकों ने उमेश चंद्र जोशी के साथ जमकर मारपीट की।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी करीब दो तोले सोने की चेन लूट ली और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें