किसानों को फसल बीमा कराने की सलाह, डीएम ने किया निरीक्षण….

हल्द्वानीजिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी तहसील के हरिपुरा तुलाराम राजस्व गांव में रबी फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग कर कृषि उत्पादन के वैज्ञानिक आकलन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

डीएम ने किसान नागेंद्र सिंह के खेत में 43.3 वर्ग मीटर के प्लॉट पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल कटाई प्रयोग संपन्न कराया। इस दौरान उन्होंने खेतों में उत्पादित फसलों की जानकारी भी किसानों से प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज, उत्पादन और उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं, इसलिए यह प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि सही आंकलन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने किसानों को फसल क्षति से बचाव के लिए फसल बीमा कराने की सलाह देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्रॉप कटिंग के आंकड़े ही बीमा दावों के निर्धारण का आधार बनते हैं।

डीएम ने बताया कि यह प्रक्रिया न केवल प्रति हेक्टेयर उत्पादन का सटीक आकलन करती है, बल्कि समर्थन मूल्य निर्धारण, खाद्यान्न खरीद और विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रभावी संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

इस दौरान तहसीलदार कुलदीप पांडे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी महेंद्र सिंह डांगी, मीना नेगी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि हेम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें