फर्जी डिलीवरी मैसेज पर कार्रवाई, डीएम ने दिए कड़े निर्देश….   

रुद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गैस डिलीवरी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिना सिलेंडर डिलीवरी किए उपभोक्ताओं को फर्जी मैसेज भेजने पर संबंधित एजेंसी या ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित करें।

उन्होंने एजेंसी प्रबंधकों को निर्देशित किया कि गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय में केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही सिलेंडर वितरित किए जाएं। किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम या एजेंसी से सिलेंडर न दिया जाए। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू या व्यावसायिक गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जिले में गैस की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी एजेंसियों को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से गैस वितरण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक जिले में घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616 तथा व्यावसायिक गैस का वितरण 404 रहा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें