नैनीताल जिले में लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से 28 मार्च 2026 को राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत पूरे राज्य में एक साथ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी राजस्व न्यायालयों—जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, अपर जिलाधिकारी न्यायालय, उपजिलाधिकारी न्यायालय और तहसीलदार न्यायालय—में इस लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय प्रदान करना है, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो सके।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी बार एसोसिएशन पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक लोगों को इस लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, उन्होंने वादकारियों से भी आग्रह किया है कि वे 28 मार्च को संबंधित न्यायालयों में उपस्थित होकर अपने मामलों के शीघ्र निस्तारण का लाभ उठाएं।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से बड़ी संख्या में राजस्व मामलों का समाधान संभव हो सकेगा और आमजन को राहत मिलेगी।











