त्योहार से पहले प्रशासन अलर्ट: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच तेज….

रुद्रपुर – रुद्रपुर से नवरात्रि से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर जिले में सघन अभियान चलाया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पांडे के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को रुद्रपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और मॉल में औचक छापेमारी कर निरीक्षण किया। इस दौरान सेंधा नमक, रागी आटा और साबुदाना के कुल 4 नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है।

अधिकारियों ने साफ किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कुट्टू का आटा बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के न बनाया, न बेचा और न ही संग्रहित किया जाए। खुले आटे की बिक्री से बचने और केवल सीलबंद पैकेट में ही बिक्री करने के निर्देश दिए गए, जिन पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी, निर्माता का पता और लाइसेंस नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना जरूरी है।

इसके साथ ही कारोबारियों को कुट्टू के बीज और आटे के खरीद-बिक्री का पूरा रिकॉर्ड लिखित रूप में रखने और केवल पंजीकृत सप्लायर से ही खाद्य सामग्री खरीदने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, निर्माण तिथि और लाइसेंस की जांच जरूर करें। किसी भी प्रकार की मिलावट या खराब गुणवत्ता की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।

नवरात्रि को देखते हुए प्रशासन का यह अभियान मिलावटखोरी पर लगाम लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें