पहाड़ से मैदानी इलाकों तक बदला मौसम, हल्की ठंड और बारिश का असर….

देहरादून/नैनीताल – उत्तराखंड में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के कारण ठंड एक बार फिर लौट आई।

नैनीताल में सुबह अचानक मौसम बदल गया और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में भी तेज हवाओं और बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ।

कई जिलों में बारिश और बर्फबारी:

  • पौड़ी में हल्की बारिश शुरू हुई।
  • रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश।
  • बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की चोटियों पर बर्फबारी।
  • ऋषिकेश और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बादल छाए और हल्की बारिश।
  • नई टिहरी, कोटद्वार, चंपावत और पिथौरागढ़ में बूंदाबांदी और तेज हवाएं, ऊंची चोटियों पर बर्फबारी।

मौसम विभाग की चेतावनी:

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ समय तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 3500 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट:

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ऊंचे इलाकों में अलर्ट रहने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें