होली पर मिलावट रोकने को खाद्य विभाग सक्रिय, बाजारों में औचक निरीक्षण…. 

जसपुर – आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखण्ड श्री सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में कुमाऊं मंडल में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा उपायुक्त कुमाऊं मंडल डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में सहायक आयुक्त (खाद्य संरक्षा) ललित मोहन पाण्डे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह तथा टीम ने जसपुर क्षेत्र के मुख्य बाजार, रायपुर और धरमपुर में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मावा निर्माताओं से 3 नमूने मावा के, डेयरी से 3 नमूने दूध के तथा मिष्ठान भंडार से 1 नमूना बर्फी का लिया गया।

वहीं किच्छा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी करते हुए मावा, मावा बर्फी, दूध, चिप्स, काबुली चना, चना दाल, राजमा, अरहर दाल और मूंग दाल सहित 9 नमूने एकत्र किए।

इस प्रकार कुल 16 नमूने लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, लाइसेंस/पंजीकरण अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों के क्रय बिल पर FSSAI लाइसेंस नंबर अंकित रखने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने या मिलावटी एवं घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता से भी अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग तिथि और लाइसेंस अवश्य जांच लें। यदि कहीं मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेची जा रही हो तो टोल फ्री नंबर 18001804246 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें