लालकुआं – नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के निर्माणाधीन 85 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक दुग्ध प्लांट का औचक निरीक्षण डेरी विकास विभाग के निदेशक अशोक कुमार जोशी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निदेशक ने स्थल पर उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की बारीकी से जांच की और प्लांट की मशीनरी स्थापना, तकनीकी तैयारियों तथा डेरी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी और इसके संचालन से दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान निदेशक अशोक कुमार जोशी ने दुग्ध शाला में तैयार किए जा रहे दूध, पनीर, घी और अन्य उत्पादों की गुणवत्ता और स्वच्छता का भी निरीक्षण किया। उत्पादन इकाई में साफ-सफाई, गुणवत्ता नियंत्रण और पैकेजिंग व्यवस्था देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं सुरक्षित उत्पाद पहुंच सके।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि प्लांट की उत्पादन क्षमता और उपयोगिता को देखते हुए आधुनिक मशीनरी की शीघ्र स्थापना कराई जानी चाहिए, ताकि संचालन समय पर शुरू हो और दुग्ध उत्पादकों को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण में उपनिदेशक संजय उपाध्याय, सामान्य प्रबंधक यूसीडीएफ आर.एम. तिवारी, डॉ. पी.एस. नागपाल, सामान्य प्रबंधक दुग्ध संघ अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र राणा, प्रभारी उपार्जन सुभाष बाबू, प्रभारी लैब रमेश आर्य सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह आधुनिक दुग्ध प्लांट क्षेत्र के डेयरी उत्पादकों और किसानों के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।











