काशीपुर – “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत काशीपुर ब्लॉक के न्याय पंचायत बांसखेड़ा खुर्द स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में भव्य बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने की। शिविर में प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद हुआ तथा विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गईं। कुल 1720 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया, जबकि 76 शिकायतें और मांगें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट और विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। अतिथियों ने लाभार्थियों को चेक, टूल किट, कंबल और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर आवेदन व पंजीकरण किए। स्वास्थ्य विभाग ने 682 लोगों की जांच की और दवाएं वितरित कीं, जबकि 34 एक्स-रे भी किए गए। आयुर्वेद और होम्योपैथी विभागों ने भी बड़ी संख्या में मरीजों की जांच कर उपचार दिया। बाल विकास विभाग ने महिलाओं की गोद भराई, अन्नप्राशन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण किया।
विभिन्न विभागों के माध्यम से प्रमाण पत्र, पेंशन आवेदन, आधार अपग्रेडेशन, राशन कार्ड ऑनलाइन, श्रमिक पंजीकरण, टूल किट वितरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, बस पास और छात्राओं को साइकिल व ड्रेस सहायता जैसे अनेक लाभ मौके पर दिए गए। अधिकारियों ने शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी जारी किए। शिविर में जनप्रतिनिधि, ब्लॉक व जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।












