12वीं की छात्रा की हत्या ने झकझोरा, परिवार ने जताया संदेह….

ढालीपुरकोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की निर्मम हत्या कर दी गई। छात्रा का शव झाड़ियों में बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। हत्यारों ने उस पर धारदार हथियार से कई वार किए और पहचान मिटाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान 18 वर्षीय मनीषा तोमर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मनीषा बुधवार शाम अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से विकासनगर दांत की दवाई लेने गई थी। देर रात करीब 9 बजे तक जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान गुरुवार को ढालीपुर क्षेत्र में झाड़ियों के बीच मनीषा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में हत्या अत्यंत नृशंस तरीके से किए जाने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने छात्रा के चचेरे भाई पर संदेह जताया है, जिसके आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से छात्रा के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Pelli Poola Jada Accessories

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें