कनखल में जांच के दौरान चली गोली, जिला पंचायत उपाध्यक्ष का भाई घायल….

हरिद्वारउत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में जमीन विवाद एक बार फिर हिंसक रूप में सामने आया है। थाना कनखल क्षेत्र के ग्राम नूरपुर पंजनहेड़ी में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध कब्जे की शिकायत की जांच के लिए मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने ही फायरिंग की घटना हो गई। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान को गोली मार दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन चौहान के पेट में गोली लगी है। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसी घटना में एक अन्य ग्रामीण किशनपाल उर्फ नानू भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। दोनों घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह तहसील प्रशासन की टीम सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों की जांच के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर फायरिंग में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद अतुल चौहान और भाजयुमो के प्रदेश मंत्री तरुण चौहान के बीच हुआ, जिसके बाद गोली चलने की घटना सामने आई।

फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

इस मामले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान ने आरोप लगाया कि जमीन को लेकर पहले भी जांच हो चुकी थी, जिसमें कोई आपत्ति सामने नहीं आई थी। उन्होंने बताया कि नापतोल के दौरान अचानक हमला किया गया और फायरिंग शुरू हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन पर भी गोली चलाई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जमीन विवाद के चलते दो लोगों को गोली लगी है। दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें