रोडवेज बस हादसा: चालक की समझदारी से बचीं 16 जानें….

देहरादून – उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि बस चालक की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस लोहाघाट (चम्पावत) से देहरादून की ओर आ रही थी। घटना सुबह करीब 4 बजे डोईवाला क्षेत्र के लालतप्पड़ स्थित साईं मंदिर के सामने हुई। चलती बस से अचानक धुआं उठता देख चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया।

आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई, लेकिन चालक ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए यात्रियों को शांत किया और एक-एक कर सभी को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही देर में आग ने बस के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस को काफी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ की सराहना की, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें