मातृ–पितृ भक्ति दिवस पर श्रद्धांजलि, बुजुर्गों के कल्याण को सरकार संकल्पबद्ध….

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जी.एम.एस. रोड, देहरादून में स्वर्गीय उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मातृ–पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय उमेश अग्रवाल का संपूर्ण जीवन संगठन, समाज और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जनसेवा व विकास को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यकारी अध्यक्ष एवं दून उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक के रूप में स्वर्गीय उमेश अग्रवाल ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया, जिसे प्रदेश कभी भुला नहीं सकता। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

वरिष्ठ नागरिकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवारों के मार्गदर्शक ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के जीवंत संवाहक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह ₹1500 की पेंशन दी जा रही है, जिससे प्रदेश के लगभग 6 लाख वृद्धजन लाभान्वित हो रहे हैं। पात्र पति–पत्नी दोनों को अलग–अलग पेंशन का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 20 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। इस वर्ष प्रत्येक जनपद में कम से कम 50 मास्टर ट्रेनर और 150 जेरियाट्रिक केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा भी दी जा रही है और इस वर्ष 1300 बुजुर्गों की निःशुल्क सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि माता–पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण–पोषण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे वरिष्ठ नागरिक अपने बच्चों अथवा कानूनी उत्तराधिकारियों से भरण–पोषण की मांग कर सकते हैं और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, विधायक सविता कपूर, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें