कानून हाथ में लेने की हद पार, हरिद्वार में महिला से बर्बरता….

हरिद्वार – उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला असहाय अवस्था में दिखाई दे रही है, जबकि कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

जानकारी के अनुसार महिला पर आरोप लगाया गया था कि उसने एक घर में घुसकर बच्चों का गला दबाने की कोशिश की। इसी शक के आधार पर स्थानीय लोगों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया और महिला को पकड़कर खंभे से बांध दिया, जिसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद कई लोग बीच-बचाव करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

 

दोनों पक्षों में हुई मारपीट, क्षेत्र में तनाव

घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। वायरल वीडियो की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके।

कोतवाली प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला की मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकती। इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना समाज और कानून व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चेतावनी है। किसी भी संदेह या आरोप के आधार पर कानून को अपने हाथ में लेना और एक महिला के साथ इस तरह की हिंसा करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें