महापौर विकास शर्मा ने किया शिलान्यास गांधी कॉलोनी में बनेगा आधुनिक सामुदायिक भवन….

रूद्रपुर – नगर निगम द्वारा शहर में विकास कार्यों को तेज गति देने के क्रम में गांधी कॉलोनी, वार्ड नंबर 27 को एक बड़ी सौगात मिली है। महापौर विकास शर्मा ने वार्ड की पार्षद मधु शर्मा के साथ दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में बनने वाले 16 लाख रुपये लागत के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। पूजन-अर्चन और नारियल फोड़कर महापौर ने निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के संतुलित और समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर नगर में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसे मूलभूत कार्यों को मजबूत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सामुदायिक भवन के निर्माण से क्षेत्र में होने वाली सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

महापौर ने कहा कि गांधी कॉलोनी क्षेत्र में वर्षों से सामुदायिक भवन की मांग की जा रही थी। इस भवन के बन जाने से जनता को आयोजन, बैठकों और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित स्थल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास पहुंचे और कोई भी परियोजना अधूरी न रहे।

उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड की तीसरी बैठक में शहर के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिनके पूरा होने से रुद्रपुर उत्तराखंड के आदर्श नगरों की श्रेणी में शामिल होगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम पूरी तरह टीम-वर्क के साथ कार्य कर रहा है और नागरिकों के सहयोग से स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक रुद्रपुर का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने वार्डवासियों से भी अपील की कि वे नगर निगम के कार्यों में सहयोग करें, स्वच्छता और जनसहभागिता को प्राथमिकता दें, ताकि शहर तेज़ी से प्रगति कर सके। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर और पार्षद का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील यादव, भजन गायक डंपी चोपड़ा, प्रीतम यादव, प्रदीप यादव, मदन यादव, पवन यादव, विष्णु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें