हल्द्वानी – उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की 47वीं कार्य परिषद की बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन और विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख केंद्र विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां रहीं।
बैठक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान करने से संबंधित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन को लेकर भी आवश्यक विषयों पर चर्चा हुई।
कार्य परिषद ने 4 अगस्त 2026 को आयोजित 46वीं बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि करते हुए पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की। बैठक में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भूपेन सिंह के असाधारण अवकाश एवं अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने संबंधी आवेदन पर भी विचार किया गया।
इसके अलावा करियर अभिवर्धन योजना (CAS) के तहत भौतिकी विषय के प्राध्यापक प्रो. कमल देववाल की अकादमिक स्तर-14 में पदोन्नति की पात्रता तिथि में संशोधन के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। विश्वविद्यालय में अल्पकालिक एवं अस्थायी आधार पर कैमरामैन तथा वीडियो एडिटर की नियुक्ति से जुड़े विषय को भी कार्य परिषद के समक्ष रखा गया।
बैठक में विश्वविद्यालय वित्त समिति की 22वीं बैठक (3 सितंबर 2026) और विद्या परिषद की 37वीं बैठक (23 अक्टूबर 2026) की संस्तुतियों के अनुमोदन से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कई शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने किया प्रतिभाग
बैठक में हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, हल्द्वानी के अध्यक्ष रमेश चंद्र बिंजोला, समाज विज्ञान विद्याशाखा की निदेशक प्रो. रेनू प्रकाश, कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी विद्याशाखा के निदेशक प्रो. जितेंद्र पाण्डेय, भौमिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्याशाखा के निदेशक प्रो. पीडी पंत, वानिकी विभाग के सह-आचार्य डॉ. हरीश चंद्र जोशी, समाज कार्य विभाग की सहायक आचार्य डॉ. नीरजा सिंह, कुलसचिव एवं सदस्य सचिव खेमराज भट्ट तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. सोमेश कुमार उपस्थित रहे।
ऑनलाइन माध्यम से पूर्व कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल प्रो. बीएस राजपूत, यूनिवर्सिटी ऑफ ओपन लर्निंग पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ की निदेशक शोध प्रो. योजना रावत, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल्स लिमिटेड लालकुआं के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अजय कुमार गुप्ता, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली की प्रो. शची शाह, उत्तराखंड शासन के उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप मोहन नौटियाल तथा विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी सूर्यप्रताप सिंह ने प्रतिभाग किया।
बैठक में विभिन्न समितियों की संस्तुतियों और प्रस्तावों पर हुए विचार-विमर्श को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता और संस्थागत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया। विशेष रूप से 11वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों और विद्यार्थियों को उपाधि एवं स्वर्ण पदक प्रदान करने से जुड़े विषयों पर चर्चा बैठक का प्रमुख आकर्षण रही।











