मोबाइल छोड़ मैदान से जोड़ें नाता, अनीता आर्या ने छात्राओं को दिया खेलों का संदेश

कोटद्वार/पौड़ी – जिला फुटबॉल संघ पौड़ी की ओर से शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम, गाड़ीघाट में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल में जीजीआईसी कोटद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैप्पी होम स्कूल को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती अनीता आर्या मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। नॉकआउट आधार पर आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों की बालिका वर्ग क आठ क्लब टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन जीजीआईसी कोटद्वार की खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अनीता आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से दूर रहकर खेलों और शारीरिक गतिविधियों की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को योग और खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं।

प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में फुटबॉल कोच महेंद्र रावत, शिवा चौधरी, सतीश मौर्य, सिद्धार्थ रावत, तरुण ईस्टवाल सहित अन्य खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें