नैनीताल – लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नैनीताल-ज्योलीकोट मार्ग पर अचानक मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से मलबा हटवाया और मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कराया।
बताया गया कि बीते दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसी दौरान दो गांव के पास ज्योलीकोट-नैनीताल मार्ग पर अचानक पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबा आने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और मार्ग के दोनों ओर जाम की स्थिति बनने लगी। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही नैनीताल की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोल-3 ज्योलीकोट में तैनात कांस्टेबल अनूप सिंह और कांस्टेबल प्रदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल जेसीबी की व्यवस्था कर सड़क पर जमा मलबा हटवाने का कार्य शुरू कराया। कुछ ही समय में मार्ग को साफ कर यातायात बहाल करा दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सड़क पर लंबा जाम लगने से भी बच गया। मार्ग खुलने के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार बारिश को देखते हुए पुलिस ने भी संवेदनशील मार्गों पर सतर्कता बनाए रखने की बात कही है।
बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर अचानक मलबा आने की आशंका को देखते हुए पुलिस और संबंधित विभागों की तत्परता यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।











