चाफी से कुवाताल तक आपदा का जायजा, मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भीमताल – लगातार बारिश के बीच कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चाफी, अलचौना, पांडेछोड़, भीमताल और कुवाताल सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मंत्री कैड़ा ने सड़क मार्गों, मकानों तथा अन्य प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री भी वितरित की।

मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा से हुए नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं अथवा जिन भवनों पर खतरा बना हुआ है, उनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मंत्री कैड़ा ने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने भीमताल नाले में बहने से मृत बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को आपदा मद से चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखें और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें