बारिश के बीच प्रशासन की सक्रियता बढ़ी, संवेदनशील क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

हल्द्वानी – लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील और जलभराव संभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा, कुसुमखेड़ा समेत नगर के कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गौला नदी के जलस्तर की स्थिति भी देखी गई। नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर यातायात और आवागमन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं। विशेष रूप से बच्चों को नदी-नालों से दूर रखने और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।

24 घंटे सक्रिय है तहसील कंट्रोल रूम

एसडीएम हल्द्वानी ने बताया कि भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। तहसील स्तर पर 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए संबंधित टीमें तैयार हैं।

उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें