घर से उड़ाया 15 लाख का सोना, पुलिस ने 24 घंटे में बरामद कर आरोपी दबोचा

भवाली – घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का भवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को ग्राम गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी उमा लटवाल पत्नी स्व. नारायण सिंह लटवाल ने कोतवाली भवाली में तहरीर देकर घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 33/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को चोरी के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। पुलिस के अनुसार त्वरित विवेचनात्मक कार्रवाई के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

सोना बेचकर गाड़ी खरीदने की थी योजना

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना होने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू (20) पुत्र पूरन सिंह लटवाल, निवासी ग्राम गैराड़ी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली के रूप में हुई है।

आरोपी के कब्जे/निशानदेही से पुलिस ने करीब 12 तोला सोने के आभूषण बरामद किए। इनमें दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, एक गुलोबंद, एक मांग टीका और एक अंगूठी शामिल है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम

चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आभूषण बरामद करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, ओम प्रकाश एवं चालक हेड कांस्टेबल आनंद सिंह कनवाल शामिल रहे।

पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने ढाई हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें