SIR-2026: नैनीताल में मतदाता सत्यापन की प्रक्रिया अंतिम दौर में, 1.80 लाख मामलों की सुनवाई पूरी

हल्द्वानी – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया नैनीताल जिले में तेजी से आगे बढ़ रही है। सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित कर अभियान की प्रगति से अवगत कराया गया।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर आयोजित बैठक में नोटिस तामिली, सुनवाई तथा दावे-आपत्तियों की प्रगति की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई।

2.35 लाख से अधिक नोटिस, 99.76 प्रतिशत तामील

निर्वाचन विभाग के अनुसार नैनीताल जिले में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। नोटिस वितरण के लिए निर्धारित 2,35,085 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 2,34,524 मतदाताओं को नोटिस तामील किए जा चुके हैं। इस तरह नोटिस तामिली की प्रगति 99.76 प्रतिशत पहुंच गई है।

वहीं तामील किए गए नोटिसों में से अब तक 1,80,061 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जो कुल 76.77 प्रतिशत है।

18 हजार से अधिक फॉर्म प्राप्त

SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आपत्ति दर्ज कराने और संशोधन से संबंधित अब तक कुल 18,027 प्रकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें फॉर्म-6 के 6,133, फॉर्म-6ए के 32, फॉर्म-7 के 9,942 तथा फॉर्म-8 के 1,787 प्रकरण शामिल हैं।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के आधार पर प्रतिदिन फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जनपद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि संबंधित लोग प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकें।

लालकुआं और हल्द्वानी में पर्यवेक्षक नियुक्त

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए निदेशक, कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन दो प्रतिशत से अधिक पाया जाएगा, वहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन कराया जाएगा।

13 अगस्त दावे-आपत्तियों की अंतिम तिथि, 15 सितंबर को अंतिम प्रकाशन

बैठक में बताया गया कि दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 निर्धारित थी। इनका सुनवाई एवं निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाएगा। उन्होंने सभी दलों से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में बसपा, कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न दलों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें