स्वच्छता को लेकर प्रशासन का बड़ा अभियान, 52 स्थानों पर चला सफाई अभियान

नैनीताल – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जनपदभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और पंचायती राज विभाग की ओर से आयोजित अभियान के तहत 52 विभिन्न स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर सफाई की गई।

जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि अभियान के दौरान ग्रामीण एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने के साथ आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान में संबंधित विभागों के कार्मिकों के साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। लोगों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों से कूड़ा-कचरा हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया।

सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी की अपील

अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही गांवों और सार्वजनिक स्थलों को लंबे समय तक स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखा जा सकता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें