स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त, गांव-गांव में सफाई अभियान ने पकड़ी रफ्तार

नैनीताल – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में चल रहा वृहद स्वच्छता अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। अभियान के तहत विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, वन एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से व्यापक सफाई अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जनपद के 48 स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट एवं अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण किया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से अभियान चलाया गया।

नदी तटों और जलस्रोतों की सफाई पर जोर

अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, नदी तटों एवं प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाना रहा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में फैले कूड़े-कचरे एवं ठोस अपशिष्ट को एकत्र किया गया। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान कर नदी तटों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।

ग्रामीणों को किया जागरूक

स्वच्छता अभियान के दौरान ग्रामीणों को नदी एवं जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा न डालने तथा प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

ग्रामीणों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की। जिला प्रशासन ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त वातावरण बनाने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें