रुद्रपुर – काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला किए जाने के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से वाल्मीकि समाज में आक्रोश बढ़ गया है। सोमवार को रुद्रपुर के अलावा दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोगों ने नगर निगम परिसर में एकत्र होकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि और उसके दोस्त जतिन पर हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उसके भाई सन्नी समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते स्कूटी में टक्कर मारने के बाद दोनों युवकों पर रॉड से हमला किया गया। घटना में दोनों युवक घायल हो गए थे।
गिरफ्तारी नहीं होने पर जताया रोष
धरने पर बैठे समाज के लोगों ने कहा कि घटना के बाद मुकदमा दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे समाज में रोष है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही नामजद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाज एकजुट है। यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों की दो टूक
वाल्मीकि समाज के लोगों ने कहा कि पुलिस को मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई में देरी होने पर समाज के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।











