पीली कोठी चौराहे पर अफरा-तफरी, पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा, 20 लोगों को पकड़ा

हल्द्वानी – पीली कोठी चौराहे के समीप दो गुटों के बीच विवाद और सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की सूचना पर मुखानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर ₹10 हजार का संयोजन शुल्क भी वसूला है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार 6 अगस्त की देर रात थाना मुखानी क्षेत्र के पीली कोठी चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद और अफरा-तफरी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर घटना में शामिल 20 व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना मुखानी में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत सभी 20 व्यक्तियों का चालान कर कुल ₹10,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में किसी प्रकार की मारपीट या किसी व्यक्ति को चोट पहुंचाने की घटना सामने नहीं आई है। फुटेज में केवल भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। साथ ही, दोनों पक्षों में से किसी ने भी इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच के दौरान मारपीट या अन्य दंडनीय अपराध के साक्ष्य सामने आते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि अफवाह फैलाने, विवाद करने या हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें