20 करोड़ की पार्किंग परियोजना जल्द होगी शुरू, आयुक्त ने निरीक्षण कर दिए निर्देश

नैनीताल – कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत नैनीताल जिला मुख्यालय के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची सत्यापन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण और प्रत्येक पात्र मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी इंटर कॉलेज मल्लीताल तथा के.एल. साह ट्रस्ट नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में संचालित एसआईआर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर चल रही नोटिसों की सुनवाई, नोटिस तामील और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्वयं क्यूआर स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का अवलोकन किया, जिसमें कुछ नामों संबंधी त्रुटियां सामने आईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे निर्धारित तिथि पर हाईस्कूल प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र एवं आवश्यकता अनुसार जाति प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नामों में संशोधन कराएं।

दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र और वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर विश्वास न करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन में सहयोग करें।

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं का मैपिंग किया जा रहा है अथवा जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।

आयुक्त ने सभी एईआरओ (सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) को निर्देश दिए कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

20 करोड़ की पार्किंग परियोजना जल्द होगी शुरू

निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊँ मंडल विकास निगम (KMVN) के निर्माणाधीन वाहन पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना में चारों ओर रेलिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा पार्किंग परिसर के समीप नौ दुकानें भी बनकर तैयार हैं।

आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल को शीघ्र संचालन में लाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को इसका लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खालिक, सहायक निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे, विभिन्न सुपरवाइजर तथा बीएलओ मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें