औचक निरीक्षण में सामने आईं कमियां, अधिकारियों ने दिए तत्काल सुधार के निर्देश

हल्द्वानी – जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की पहल पर बुधवार को गोलापार स्थित निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में दवाइयों के रखरखाव में अनियमितता, निर्धारित मानकों के उल्लंघन, स्वच्छता व्यवस्था में कमी तथा पर्याप्त वेंटिलेशन के अभाव सहित कई खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने केंद्र प्रबंधन को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

यह संयुक्त निरीक्षण उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के आदेश पर किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल ने किया।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत भट्ट तथा मनोचिकित्सक डॉ. हिमांशु कांडपाल सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, चिकित्सा सुविधाओं और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।

जांच में पाया गया कि केंद्र में दवाइयों के रखरखाव और अभिलेखों के संधारण में अनियमितताएं हैं। साथ ही स्वच्छता, वेंटिलेशन और अन्य आवश्यक मानकों में भी कमियां मिलीं। अधिकारियों ने केंद्र संचालकों को सभी कमियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्ति केंद्रों में उपचाररत मरीजों को सुरक्षित, स्वच्छ और मानक अनुरूप वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे संस्थानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें