चंपावत को मिली बड़ी सुविधा, बनबसा स्टेशन पर ट्रेन ठहराव से यात्रियों को राहत

चंपावत – चंपावत जिले और सीमांत क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 जुलाई को जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव का अनुरोध किया था। इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए रेलवे मंत्रालय ने बनबसा स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इस निर्णय को चंपावत जिले और सीमांत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी। अब ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को टनकपुर, बनबसा और उत्तर भारत के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करना अधिक सुविधाजनक होगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि जनपद चंपावत को यह महत्वपूर्ण रेल सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

रेल मंत्रालय के इस फैसले का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव से सीमांत क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें