गरज-चमक और तेज बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

देहरादून – उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य पर्वतीय और मैदानी जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ क्षेत्रों में रविवार को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज गर्जन, बिजली चमकने और झमाझम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में भी बिजली चमकने और गर्जन के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेशभर में 7 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

शनिवार को भी प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 15.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान देहरादून का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम का यही रुख देखने को मिला।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें