विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी, समीक्षा बैठक में बोले मंत्री राम सिंह कैड़ा

हल्द्वानी – प्रदेश के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (यूयूएसडीए) की कुमाऊं मंडल में संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में मंत्री कैड़ा ने नैनीताल, हल्द्वानी, टनकपुर, किच्छा सहित कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में चल रही सड़क, सीवर लाइन, पेयजल एवं स्ट्रीट लाइट परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने वर्षाकाल को देखते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी बुनियादी सुविधाओं को सुचारु रूप से संचालित रखा जाए।

बैठक में मंत्री ने बताया कि एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), केएफडब्ल्यू (जर्मन बैंक) तथा यूरोपियन इन्वेस्टमेंट बैंक (EIB) के सहयोग से प्रदेश में कई महत्वपूर्ण शहरी विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि ईआईबी के माध्यम से पिथौरागढ़, सितारगंज, रुद्रपुर और काशीपुर में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनसे लगभग छह से सात लाख लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। वहीं केएफडब्ल्यू के सहयोग से ऋषिकेश में पेयजल परियोजना तथा 24 ई-बसों की व्यवस्था पर भी कार्य किया जा रहा है।

शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण कराया जाए, ताकि उनका लाभ आम जनता तक जल्द पहुंचे। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं की नियमित निगरानी कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में बनाए रखने के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों का संतुलन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने ‘पेड़ बचाओ अभियान’ को बढ़ावा देते हुए संतुलित एवं पर्यावरण अनुकूल विकास मॉडल अपनाने पर जोर दिया।

बैठक में परियोजना निदेशक विनय मिश्रा सहित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें