जनहित के मामलों में देरी पर डीएम सख्त, राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के औचक निरीक्षण में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भू-राजस्व अधिनियम की धारा-41 एवं पैमाइश से जुड़े मामलों को महीनों तक लंबित रखने के आरोप में राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं तत्कालीन राजस्व निरीक्षक ब्रजेश कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि तहसीलदार द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद कई मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं की गई। कई पत्रावलियां दिसंबर 2025 से लंबित पाई गईं, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

जांच में सामने आया कि ग्राम किशनपुर रैकवाल, बमौरी तल्ली तथा प्रतापगढ़ी मल्ली, काठगोदाम से संबंधित मामलों में आदेश जारी होने के कई माह बाद भी पैमाइश और अन्य आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। जिलाधिकारी ने इसे सरकारी दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही मानते हुए उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-2003 के तहत पटवारी संजय प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनका मुख्यालय तहसील भीमताल निर्धारित किया है।

जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल तथा नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी को सभी लंबित पत्रावलियों का पुनः निरीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें