विश्व जनसंख्या दिवस पर कानून, साइबर अपराध और नशा उन्मूलन की दी जानकारी

भीमताल/नैनीताल – माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पूर्णानंद राजकीय इंटर कॉलेज, चाफी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

शिविर को संबोधित करते हुए सचिव पारुल थपलियाल ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य केवल जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण नहीं, बल्कि युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच संतुलित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए जागरूकता और जनभागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन, साइबर अपराध, कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने छात्रों से साइबर ठगी से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर के उपरांत सचिव पारुल थपलियाल ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने विकास भवन, भीमताल स्थित विलेज लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध विधिक सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विकास भवन परिसर में भी पौधरोपण कर हरित पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य किशोर कुमार, पीएलवी नवाब खान, समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधिक जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें