हल्द्वानी – समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हल्द्वानी के समाजसेवी अनुज कांत अग्रवाल को ‘उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान थाईलैंड के फुकेत स्थित होटल अंडमान बीच रिजॉर्ट में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया, जहां समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कला एवं धार्मिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न हस्तियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथियों ने अनुज कांत अग्रवाल को स्मृति चिन्ह एवं लायंस गोल्ड मेडल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ के नेतृत्व में 23 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।

कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया से आए सीईओ पॉल एवं तोरा पॉल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर हल्द्वानी की सुमन जैन, नैनीताल की अनीता अग्रवाल, देहरादून के डॉ. गगन तथा हल्द्वानी की सुनीता संदीप अग्रवाल को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तराखंड गौरव अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अनुज कांत अग्रवाल ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। समारोह के अंत में सभी सम्मानित हस्तियों ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।











