ओखलकांडा के गांवों में पहुंचे मंत्री कैड़ा, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा विकासखंड के भीड़ापानी, नरतोला, झूपली बाज, पतलोट और भद्रेठा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों एवं भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान ग्रामीणों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र की बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। कैबिनेट मंत्री ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल वार्ता की और जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाई है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-4 के अंतर्गत शामिल कर भारत सरकार को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। प्रस्तावों की स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को भी सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य तेज गति से शुरू किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

दौरे के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें