हल्द्वानी – नैनीताल जनपद के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। रविवार शाम गौला नदी में छलांग लगाने वाले 16 वर्षीय किशोर प्रियांशु बिष्ट का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, प्रियांशु बिष्ट हाथीखाल, मोतीनगर (बरेली रोड) का निवासी था। रविवार शाम करीब पांच बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि वह ड्राइंग का सामान खरीदने जा रहा है। परिजनों के मुताबिक घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और वह सामान्य रूप से घर से निकला था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घर से निकलने के बाद प्रियांशु बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित गौला पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह कुछ देर तक पुल पर अकेले टहलता रहा। इसके बाद जब वह पुल की रेलिंग के पास पहुंचा तो वहां मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लोगों ने उसे रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले कि कोई उसे पकड़ पाता, उसने नदी में छलांग लगा दी।
घटना को देख मौके पर मौजूद बच्चों और अन्य लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर किशोर को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। हालांकि तेज बहाव, गहराई और लगातार बारिश के कारण मटमैले पानी ने रेस्क्यू अभियान को काफी चुनौतीपूर्ण बना दिया। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एसडीआरएफ ने दोबारा सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद टीम ने प्रियांशु का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोर ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।











