जनहित और विकास पर बड़ा फैसला: जिला पंचायत नैनीताल ने पारित किया 14 करोड़ का बजट

हल्द्वानी – जिला पंचायत नैनीताल की बोर्ड बैठक शुक्रवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला पंचायत का लगभग 14 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण विकास, जनसुविधाओं के विस्तार, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पंचायत की आय बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही एवं अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। बोर्ड ने लगभग 14 करोड़ रुपये के बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की, जिसमें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये तथा अन्य मदों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।

काठगोदाम डाक बंगले में बनेगा जिला पंचायत कार्यालय

बैठक में विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रस्तावों पर विचार करते हुए काठगोदाम डाक बंगले में जिला पंचायत कार्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही भीमताल स्थित डाक बंगले के व्यावसायिक उपयोग को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे जिला पंचायत की आय में वृद्धि हो सके।

दुकानों का किराया बढ़ेगा, नई चौपाटियों के लिए तय होगा लाइसेंस शुल्क

जिला पंचायत की आय बढ़ाने के उद्देश्य से बोर्ड ने जिला पंचायत के अधीन संचालित दुकानों के किराए में 25 प्रतिशत वृद्धि करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित की जा रही नई चौपाटियों के लिए लाइसेंस शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

कर्मचारियों को मिलेगा एसीपी और पदोन्नति का लाभ

बैठक में जिला पंचायत कर्मचारियों को एसीपी (Assured Career Progression) एवं पदोन्नति का लाभ प्रदान किए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही जिला पंचायत की परिसंपत्तियों की किराया दरों के पुनरीक्षण पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा

बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव रखा। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए इसे अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को भेजने का आश्वासन दिया।

जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए होगी तारबाड़

बैठक में वन क्षेत्रों से सटे ग्रामीण इलाकों में किसानों और ग्रामीणों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक स्थानों पर तारबाड़ (फेंसिंग) कराए जाने के प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही जिला पंचायत के माध्यम से संचालित विकास कार्यों में तेजी लाने और जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेंगी जनसुविधाएं, खरीदे जाएंगे आठ वाहन

जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आठ वाहनों की व्यवस्था किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से पंचायत की विभिन्न सेवाओं को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन पर रहेगा विशेष जोर

बैठक में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों में भी वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा रीसाइक्लिंग के माध्यम से उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।

पार्किंग और परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा जिला पंचायत नैनीताल के अधीन संचालित दुकानों एवं अन्य परिसंपत्तियों के किराया दरों के पुनरीक्षण सहित आय बढ़ाने के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, समस्त जिला पंचायत सदस्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें