शिवराज सिंह चौहान के संबोधन के साथ भीमताल में वीबी-ग्राम-जी योजना लॉन्च

भीमताल – ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से विकास खंड भीमताल में गुरुवार को वीबी-ग्राम-जी योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने भारत सरकार के ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा।

सजीव प्रसारण के उपरांत विकास खंड भीमताल में वीबी-ग्राम-जी योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में योजना के उद्देश्य, प्रमुख विशेषताओं, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

अधिकारियों ने उपस्थित ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वीबी-ग्राम-जी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना, जनसहभागिता को बढ़ावा देना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके।

इस अवसर पर विकास खंड प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल अरविन्द कुमार पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी भीमताल हर्षित गर्ग, विकास खंड के समस्त ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए वीबी-ग्राम-जी योजना के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के संकल्प के साथ हुआ।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें