हरेला मेले को भव्य बनाने की तैयारी, 10 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

भीमताल – उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक विरासत के प्रतीक हरेला महोत्सव को इस वर्ष भी भीमताल में 16 जुलाई 2026 से पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले को सफल, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए गुरुवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में हरेला मेले की सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाते हुए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं से संबंधित स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों, खादी एवं ग्रामोद्योग, स्थानीय हस्तशिल्प, जैविक उत्पादों तथा उद्यान विभाग के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे।

कैबिनेट मंत्री ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन को निर्देश दिए कि मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण कर वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, पौधारोपण अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान सभी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि हरेला मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रकृति, पर्यावरण और लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह पर्व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 10 जुलाई तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पालिका परिषद भीमताल की अध्यक्ष सीमा टम्टा, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, उपजिलाधिकारी एवं मेलाधिकारी नवाजिश खालिक, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, प्रदीप पाठक, योगेश तिवारी, पंकज जोशी, अनिल चनोतिया, गोपाल कृष्ण भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें