हल्द्वानी में नहर से बरामद हुआ अज्ञात व्यक्ति का शव, टैटू से पहचान की कोशिश

हल्द्वानी – काठगोदाम थाना क्षेत्र के कॉलटैक्स स्थित सिंचाई नहर में सोमवार देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर में शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। प्रथम दृष्टया मृतक के हाथों पर बने टैटू पुलिस के लिए अहम सुराग माने जा रहे हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नहर तक कैसे पहुंचा। इसके लिए घटनास्थल के आसपास चल रहे नहर कवरिंग निर्माण कार्य से जुड़े कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें