पढ़ाई से नाराज होकर घर से गया किशोर, पुलिस की मुस्तैदी से परिवार से हुआ मिलन

हल्द्वानी/काठगोदाम – काठगोदाम पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली के चलते घर से लापता हुआ 14 वर्षीय किशोर महज 4 से 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 को कोतवाली काठगोदाम में सूचना प्राप्त हुई कि लक्ष्य धामी पुत्र मनोज धामी, निवासी दामादुंगा, सुबह करीब 5:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। चीता मोबाइल पर तैनात कांस्टेबल टीकाराम और कांस्टेबल शैलेंद्र को बालक की तलाश में लगाया गया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के साथ-साथ करीब 30 से 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अध्ययन और विश्लेषण किया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बालक की लोकेशन ट्रेस करते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने बैराज क्षेत्र से गुमशुदा किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि पढ़ाई का एक पाठ याद न होने के कारण किशोर नाराज होकर घर से निकल गया था। इसके बाद पुलिस ने बालक और उसके परिजनों को कोतवाली बुलाकर आवश्यक काउंसलिंग की तथा समझाइश देने के बाद किशोर को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और समर्पित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें