ग्रामीणों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म, सड़क निर्माण और डामरीकरण के लिए करोड़ों की स्वीकृति

भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल मोटर मार्ग निर्माण तथा लुगड़ पुल से चमोली-पातीजाला मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए कुल 3 करोड़ 49 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसकी जानकारी देते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि दोनों परियोजनाओं के लिए शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल ब्लॉक के खेरोला, खड़की और आसपास के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग का सामान मुख्य मार्ग से पैदल ढोना पड़ता था, जबकि मरीजों को आपात स्थिति में कंधों या घोड़ों के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती थी।

उन्होंने बताया कि खेरोला से नौकुचियाताल तक प्रस्तावित यह मोटर मार्ग क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में विकसित होगा, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ ही भीमताल क्षेत्र को एक नया बाईपास मार्ग भी मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद राज्य योजना के अंतर्गत इस सड़क के निर्माण के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि ओखलकांडा ब्लॉक में लुगड़ पुल से चमोली-पातीजाला तक मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। क्षेत्रीय जनता की मांग पर इस सड़क के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और नए मार्गों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा और मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें