जयकारों से गूंजा कैंची धाम, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुचारू दर्शन

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौली महाराज के पावन धाम कैंची धाम में स्थापना दिवस के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार सुबह से ही देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए कैंची धाम पहुंचते रहे। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य सहयोगी विभागों द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्गों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस प्रशासन द्वारा भवाली सैनिटोरियम, नैनीताल, भीमताल, गरमपानी और हल्द्वानी सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों से लगातार शटल बसों एवं वाहनों का संचालन किया जा रहा है। शटल सेवाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कैंची धाम तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी हुई है।

प्रशासन के अनुसार प्रवेश और निकास व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है, जिसके चलते श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। पुलिस और स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हुए हैं।

नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कैंची धाम आने से पूर्व जारी ट्रैफिक प्लान और शटल सेवा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मेला एवं स्थापना दिवस समारोह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें