बाबा नीब करौरी के दरबार में भक्तों की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था संभालने खुद मैदान में उतरे एसएसपी

भवाली/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं वार्षिक मेले के अवसर पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए देश-विदेश से पहुंचे भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। प्रशासन के अनुसार अब तक लगभग 25 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।

मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा जाम की स्थिति से बचाव के लिए पुलिस-प्रशासन द्वारा शटल सेवा का व्यवस्थित संचालन किया गया। भवाली स्थित फॉरेस्ट बैरियर को शटल सेवा का मुख्य केंद्र बनाया गया, जहां से श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फॉरेस्ट बैरियर से आगे कैंची धाम तक श्रद्धालु पैदल यात्रा करेंगे, जिससे पैदल चलने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

मेले की संवेदनशीलता एवं भारी भीड़ को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं पूरे आयोजन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विशेष रूप से स्थापित मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने फॉरेस्ट बैरियर सहित विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता एवं सेवा भाव से कार्य करें।

पुलिस एवं प्रशासन की सतर्कता के चलते मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। श्रद्धालुओं ने भी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बाबा के दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें