UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु नैनीताल पुलिस मुस्तैद

हल्द्वानी – उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में परीक्षा को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

जनपद नैनीताल में परीक्षा के लिए कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23,483 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रवेश पत्र में अंकित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में केवल आयोग द्वारा अनुमन्य सामग्री ही ले जाने की अनुमति होगी, जबकि प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूरी तरह रोक रहेगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए पुलिस विशेष निगरानी रख रही है। पूर्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों का सत्यापन एवं उनकी वर्तमान गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वाले प्रयासों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति या गिरोह परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने, नकल कराने, प्रश्नपत्र से संबंधित भ्रामक जानकारी प्रसारित करने अथवा परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे, आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें