हल्द्वानी/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती कुमार की अध्यक्षता, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में मेले की ड्यूटी में तैनात सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, बैरियरों और प्रमुख मार्गों पर बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा नियमित एंटी-सबोटाज चेकिंग की जाएगी। साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाइयों को भी सक्रिय मोड में रखा गया है। पुलिस अधिकारियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने मेले के लिए तैयार विस्तृत यातायात एवं डायवर्जन प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि संवेदनशील और संकरे मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, खोया-पाया केंद्र, मीडिया पास एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी विस्तृत खाका प्रस्तुत किया गया।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित किया गया है। विभिन्न जोनों में पुलिस अधिकारियों, यातायात कर्मियों, पीएसी, सीएपीएफ, एसडीआरएफ, फायर सर्विस एवं बम निरोधक दस्तों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर ड्यूटी में तैनात कर्मियों को जिम्मेदारियों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में संचार व्यवस्था, वाहन पास, होटल बुकिंग वाले वाहनों के लिए विशेष स्टिकर व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी एएसआई एवं उससे उच्च पदस्थ अधिकारियों को बेहतर समन्वय के लिए वायरलेस हैंडसेट उपलब्ध कराए जाएंगे।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती कुमार ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि कैंची धाम मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।











