महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की पहल, रामनगर में सजे स्थानीय उत्पादों के स्टॉल

रामनगर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “वोकल फॉर लोकल” और “लोकल को ग्लोबल” बनाने की सोच को आगे बढ़ाते हुए जनपद नैनीताल में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। गुरुवार को विकासखंड रामनगर स्थित अनंतम रिसोर्ट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत “वोकल फॉर लोकल मीट” (Buyer-Seller Meet) का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के मार्गदर्शन में किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में रामनगर, कोटाबाग, हल्द्वानी, धारी और भीमताल ब्लॉकों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा कुल 12 आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर ऐपण कला, जूट बैग, पर्स, रेशम पेंटिंग, पिछौड़ा, शहद, हींग, सॉवेनियर, मोरिंगा अचार, जैम, चटनी, ऑर्गेनिक दालें, मल्टीग्रेन आटा, मसाले, जूस, घी, आंवला कैंडी, ब्लैक पॉटरी और वूलन उत्पादों सहित स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष हरि मान, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी एवं सहायक परियोजना निदेशक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

खंड विकास अधिकारी रामनगर ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि सहायक परियोजना निदेशक ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं स्वरूप की जानकारी दी।

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों की विशेषताओं और निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। मुख्य विकास अधिकारी ने होटल व्यवसायियों से अपील की कि वे इन स्थानीय उत्पादों को अपने प्रतिष्ठानों में स्थान दें, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों तक इन्हें पहुंचाया जा सके।

महिला उद्यमियों ने भी होटल एसोसिएशन से उत्पादों के विपणन और स्थायी टाई-अप में सहयोग की मांग की, जिस पर सकारात्मक सहमति बनी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने होटल एसोसिएशन एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता और संभावित विपणन पर चर्चा की।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि पुनीत सचदेव, कुलदीप सिंह, पुनीत अग्रवाल सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कुंवर सामंत एवं सुनील पंत ने किया।

यह आयोजन आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल माना जा रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें